महाराष्ट्र : मुख्यमंत्री के बेटे से ‘जान को खतरा’ होने के आरोप पर संजय राउत के खिलाफ मानहानि का एक और मामला दर्ज

Rozanaspokesman

राज्य

राउत ने कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे से “जान को खतरा” होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस को पत्र लिखा था।

Sanjay Raut (फाइल फोटो)

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे से जान का खतरा होने के दावे पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के खिलाफ राज्य के बीड जिले में मानहानि का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शिवसेना की बीड जिला इकाई के प्रमुख द्वारा बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि राउत के खिलाफ उनके आरोप के संबंध में दर्ज की गई यह दूसरी प्राथमिकी है। बुधवार रात ठाणे शहर के कपूरबावड़ी थाने में उनके (राउत) खिलाफ ऐसा ही एक मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि बीड शहर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर राज्यसभा सदस्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। राउत ने कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे से “जान को खतरा” होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस को पत्र लिखा था।