Tamil Nadu Stampede: 'मृतकों के परिजन को 20 लाख, घायलों को 2 लाख देंगे एक्टर विजय, कहा- 'दिल और दिमाग पर भारी बोझ है...'
करूर में विजय की रैली में भगदड़ मचने से 39 लोगों की जान चली गई और 100 से अधिक घायल हो गए।
Tamil Nadu Stampede News: शनिवार को तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 39 लोगों की जान गई है और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस बीच अभिनेता-राजनेता विजय ने आज शनिवार शाम अपनी रैली में हुई भगदड़ में मारे गए 39 लोगों के परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। टीवीके प्रमुख ने एक एक्स पोस्ट में यह भी कहा कि इस दुखद हादसे में घायल हुए लगभग 100 लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विजय ने लिखा, 'मेरा दिल टूट गया है. मैं असहनीय, अवर्णनीय दर्द और शोक में तड़प रहा हूं जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। करूर में अपनी जान गंवाने वाले मेरे प्यारे भाइयों और बहनों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं।
विजय ने अस्पताल में इलाज करा रहे सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना भी की है।उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।
पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मैं अवर्णनीय पीड़ा के साथ आप सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जो हमारे प्रियजनों के निधन पर शोक मना रहे हैं। मैं आपके दिल के करीब खड़ा हूं और इस अपार दुःख को साझा करता हूं। यह वास्तव में हमारे लिए एक अपूरणीय क्षति है। चाहे कोई भी हमें सांत्वना दे, हमारे प्रियजनों का नुकसान असहनीय है। फिर भी, आपके परिवार के सदस्य के रूप में, मैं उन सभी परिवारों को 20 लाख रुपये और उन घायलों को 2 लाख रुपये प्रदान करना चाहता हूं जिनका इलाज चल रहा है।
मुआवजे का एलान
गौरतलब है कि इससे पहले तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने करूर भगदड़ में मारे गए परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। वहीं, घायलों को 1 लाख रुपये देने की बात कही है।
उसके अलावा पीएम मोदी ने भी इस त्रासदी के प्रत्येक पीड़ित के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। पीएम ऑफिस ने बताया कि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। (समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
(For more news apart from Actor Vijay will give Rs 20 lakh to the families of the deceased and Rs 2 lakh to the injured news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)