खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में मंगलवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ और पथराव किया था
पटना। बिहार की राजधानी पटना में ‘खान सर’ के नाम से मशहूर शिक्षक फैसल खान के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और पथराव के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का निदेशक भी शामिल है।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ में मंगलवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ और पथराव किया था। खान ने शुरुआत में दावा किया था कि संस्थान पर गोलीबारी भी हुई थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। बाद में खान ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में क्या हुआ था।
पुलिस अधीक्षक (शहर) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “मंगलवार रात लगभग 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र में ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।”
बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया है कि पटना स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े 15-20 लोग कथित तौर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे।
पुलिस उपाधीक्षक-1 (शहर) राजेश रंजन ने कहा, कोचिंग संस्थान और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। कोचिंग संस्थान की ओर से दी गई लिखित शिकायत में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग ईंट-पत्थर फेंकते और होर्डिंग को गिराते दिखाई दे रहे हैं। रंजन ने बताया कि मामले में प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद सहित चार नामजद लोगों और 15-20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों में से रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक, ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ के प्रबंधक कन्हैया कुमार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
रंजन ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिद्वंद्विता का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने पुष्टि की कि संस्थान के सुरक्षागार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई है और पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में उसका इलाज किया जा रहा है।