पिघले हुए स्टील के लीक होने से हुआ हादसा
विशाखापट्टनमः विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र के नाम से जाने जाने वाले राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में पिघला हुए लोहा गिरने से कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विशाखापट्टनम के पुलिस आयुक्त शंकरब्रत बागची ने कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी यह श्रमिकों के ऊपर गिर गया, जिससे यह घटना हुई। पुलिस ने बताया कि पिघला हुआ लोहा बेहद गर्म था और उसका तापमान लगभग 1,600 डिग्री सेल्सियस था, जिसकी चपेट में काम कर रहे कर्मी आ गए, जिनकी मौत हो गई।