उपराज्यपाल ने अधिकारियों को घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराने के दिए निर्देश
जम्मू। अमरनाथ तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहा एक वाहन शुक्रवार को उधमपुर जिले में जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर पलट गया। इस घटना में छह श्रद्धालु घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हादसा राजमार्ग के उधमपुर-चेनानी खंड में टोल्डी नाले के पास हुआ जब पहलगाम आधार शिविर जा रहे तीर्थयात्रियों का वाहन सड़क से फिसलकर पलट गया।
घायल तीर्थयात्री मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बैकुंठपुर के रहने वाले हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सेना, नागरिक रक्षा, यातायात पुलिस और जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों ने उन्हें बचाया और उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल पहुंचाया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि एक तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल था और उसे जीएमसी जम्मू भेजा गया जबकि शेष पांच तीर्थयात्रियों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जीएमसी उधमपुर में हो रहा है।
सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, उधमपुर के टोल्डी नाला के पास हुई एक सड़क दुर्घटना की रिपोर्ट मिली है, जिसमें मध्य प्रदेश के रीवा से आए अमरनाथ जी यात्रा के छह तीर्थयात्री शामिल थे। श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन के लिए पहलगाम आधार शिविर जा रहे थे, तभी उनका वाहन सड़क से फिसल गया। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जम्मू के संभागीय आयुक्त, उधमपुर के उपायुक्त और जीएमसी जम्मू व जीएमसी उधमपुर के चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराएं।
उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतपाल सिंह, उपायुक्त (डीसी) मिंगा शेरपा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कमांडेंट मनोज सिकोन ने जीएमसी उधमपुर का दौरा किया और घायल तीर्थयात्रियों से मुलाकात की। जिला प्रशासन ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद उन्होंने उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की।