कल से लागू होंगी नई कीमतें ,कंपनी ने कहा- बढ़ोतरी आवश्यक हो गई थी
नई दिल्ली। अमूल, मदर डेयरी और वेरका ने बढ़ती लागत को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो गुरूवार से प्रभावी होंगी। कंपनी ने कहा कि उसने अपने दूध की विभिन्न किस्मों की उपभोक्ता कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो 14 मई, 2026 से लागू होगी।
कंपनी के अनुसार, पिछला कीमत संशोधन अप्रैल, 2025 के अंत में किया गया था। कंपनी ने कहा, पिछले एक साल में किसानों से खरीद मूल्य में लगभग छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं पर असर कम करने के लगातार प्रयासों के बावजूद यह बढ़ोतरी आवश्यक हो गई थी।
मदर डेयरी ने कहा कि यह मूल्य संशोधन बढ़ी हुई लागत का केवल आंशिक भार उपभोक्ताओं पर डालता है और इसका उद्देश्य किसानों के हित और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना है।
मदर डेयरी ने कहा कि वह अपने दूध बिक्री से प्राप्त राजस्व का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है।