विवाद तब और बढ़ गया जब अधिकारी ने कोच से बाहर निकलने की कोशिश की
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के एक कोच के अंदर अर्धसैनिक बल के एक जवान की यात्रियों के साथ हाथापाई हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक महिला ने जवान पर उसकी तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया। दोपहर करीब एक बजे हुई इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में महिला को मेट्रो कोच के अंदर इस मुद्दे को लेकर अधिकारी का विरोध करते हुए देखा जा सकता है।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित अधिकारी को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, अधिकारी ने महिला की तस्वीरें खींचने के आरोप से इनकार किया, लेकिन उसके मोबाइल फोन की जांच में महिला की तस्वीरें मिलने के बाद कुछ अन्य यात्री भी इस विवाद में शामिल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि यात्रियों ने जवान से तस्वीरें हटाने के लिए कहा । विवाद तब और बढ़ गया जब अधिकारी ने कोच से बाहर निकलने की कोशिश की और तभी कुछ यात्रियों ने उसे रोक दिया, जिसके बाद उनके बीच हाथापाई हो गई। पुलिस उन परिस्थितियों की जांच कर रही है जिनके कारण यह विवाद हुआ। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।