कहा, उनकी कमी बेहद महसूस होती है
मुंबई, (भाषा) अभिनेत्री-राजनेता हेमा मालिनी का कहना है कि वह अपने पति, सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन के सदमे से उबरने की कोशिश कर रही हैं। हेमामालिनी यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला दीर्घा (एनजीएमए), मुंबई द्वारा केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित ‘लेंस एंड लेगेसी: बॉलीवुड इन फोकस’ प्रदर्शनी के उद्घाटन में बृहस्पतिवार को शामिल हुईं। यह प्रदर्शनी भारतीय सिनेमा की दृश्य संस्कृति का व्यापक और प्रभावशाली उत्सव है।
प्रदर्शनी में धर्मेंद्र और आशा भोसले को विशेष श्रद्धांजलि दी गई। हेमामालिनी ने कहा, “मैं बहुत सौभाग्यशाली रही कि मुझे उनके साथ जीवन बिताने का अवसर मिला। मैं उन्हें बहुत याद करती हूं। अब वह नहीं हैं, तो मुझे नहीं पता कि मैं पूरी जिंदगी इससे कैसे उबर पाऐगी।”
धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए वह भावुक हो गईं और उन्होंने न केवल भारतीय सिनेमा में उनके योगदान, बल्कि उनके व्यक्तित्व को भी याद किया। उन्होंने कहा, “मेरे लिए इस प्रदर्शनी का हिस्सा बनना बहुत मायने रखता है। यह श्रद्धांजलि सिर्फ फिल्म उद्योग में उनके योगदान का सम्मान नहीं है, बल्कि उनके सफर, जुनून, समर्पण और दर्शकों के प्रति उनके प्रेम को भी दर्शाती है। वह हमेशा कहते थे कि फिल्म दिल से जुड़ने का माध्यम है। इस अवसर पर वरिष्ठ अभिनेता रंजीत, पूनम सिन्हा, मधु, फोटोग्राफर अविनाश गोवारीकर और किरण शांताराम सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।