फिल्म में राव ने निभाया सरकारी वकील उज्ज्वल निकम का किरदार
मुंबई, (भाषा) अभिनेता राजकुमार राव अभिनीत आगामी फिल्म 'प्रहार' 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में राव देश के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं। 'मैडॉक फिल्म्स' ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।
पहले यह फिल्म 7 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। फिल्म का निर्देशन ‘थ्री ऑफ अस’ और ‘पाताल लोक’ के निर्देशक अविनाश अरुण ने किया है। बैनर ने 'इंस्टाग्राम' पर पोस्ट किया, "अब 16 अक्टूबर को होगा न्याय का प्रहार... द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम, 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में।"
उज्ज्वल निकम 1993 के मुंबई बम धमाकों और 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों जैसे कई चर्चित मामलों में अभियोजन पक्ष की पैरवी करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में जारी फिल्म के टीजर के अनुसार, कहानी मुख्य रूप से वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद पकड़े एकमात्र जीवित आतंकवादी अजमल कसाब के खिलाफ निकम की पैरवी पर केंद्रित है।