हैदराबाद के नामपल्ली कोर्ट ने समन जारी कर 22 जून को कोर्ट में पेश होने का दिया आदेश
हैदराबाद: 4 दिसंबर, 2024 को 'पुष्पा 2' की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान भारी भीड़ जमा होने से भगदड़ मच गई थी। अब कोर्ट ने इस मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। हैदराबाद के नामपल्ली कोर्ट ने समन जारी कर उन्हें 22 जून को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 4 दिसंबर, 2024 का है, जब 'पुष्पा 2' की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान संध्या थिएटर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस थिएटर के बाहर जमा हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब अल्लू अर्जुन अपनी कार के सनरूफ से बाहर निकले और फैंस को हाथ हिला रहे थे, तभी अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में रेवती नाम की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 (A11) बनाया है। वहीं, थिएटर मैनेजमेंट को आरोपी नंबर 1 से 10 तक नामजद किया गया है। कुल 19 लोगों को समन भेजा गया है और 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी फाइल की गई है।
22 जून को होगी सुनवाई
इस दुखद घटना के बाद अल्लू अर्जुन और उनका परिवार पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आया था। उनके पिता और फिल्म प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद ने रेवती के परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया था। अब सबकी निगाहें 22 जून को होने वाली सुनवाई पर हैं, जहां यह साफ हो जाएगा कि इस मामले में आगे क्या होता है।