सुनवाई के दौरान निर्देशक जोबन संधू और महावीर सिंह और निर्माता हितेन भी मौजूद थे
नई दिल्ली। रैप गायक बादशाह ने मंगलवार को अपने गीत 'टटीरी' को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) से माफी मांगी और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करने का वादा किया, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 50 लड़कियों को पढ़ाई करना है। आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें बादशाह के नाम से जाना जाता है, पिछले महीने 'टटीरी' गीत जारी होने के बाद विवादों में आ गए थे। वह इस गीत को लेकर आयोग के समक्ष पेश हुए।
सुनवाई के दौरान निर्देशक जोबन संधू और महावीर सिंह और निर्माता हितेन भी मौजूद थे। सुनवाई की अध्यक्षता एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की। उन्होंने कहा कि गीत के बोल और प्रस्तुति से महिलाओं की गरिमा और शालीनता को ठेस पहुंची है। रहाटकर ने महिलाओं की गरिमा को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई और संबंधित पक्षों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को न दोहराया जाए।