फिल्म में संजय मिश्रा और जाकिर हुसैन सहित अन्य कलाकार भी नजर आएंगे
मुंबई। अभिनेता सैफ अली खान ने फिल्म ‘‘कर्तव्य’’ को दिलचस्प किरदारों वाली एक आकर्षक और अच्छी तरह से गढ़ी गई कहानी बताते हुए कहा कि इस फिल्म में उन्हें उनके जीवन के सबसे बेहतरीन किरदारों में से एक को निभाने का मौका मिला।
‘‘भक्षक’’ फिल्म से पहचान बनाने वाले निर्देशक पुलकित द्वारा निर्देशित यह क्राइम ड्रामा एक पुलिस अधिकारी (खान) की कहानी है, जो बढ़ते खतरों से जूझते हुए अपने कर्तव्य को निभाने के साथ ही परिवार की सुरक्षा के लिए भी संघर्ष करता है।
सैफ अली खान ने कहा कि मैंने ‘कर्तव्य’ में काम करने का फैसला किया क्योंकि मुझे इसकी कहानी बहुत पसंद आई। मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन ड्रामा है और चीजों को बहुत ही दिलचस्प तरह से पिरोया गया है। मैंने इससे पहले ऐसी कहानी नहीं पढ़ी थी और जिन लोगों ने इसे पढ़ा और उस समय इस पर चर्चा की, उन्होंने कहा कि यह मेरे जीवन में आए सबसे बेहतरीन किरदारों में से एक है।
अभिनेता ने कहा कि ‘‘कर्तव्य’’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों की तरह फिल्माया गया है, जिसमें पुलिसकर्मी पवन को कड़े निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है। सैफ अली खान ने फिल्म ‘‘कर्तव्य’’ में अपनी भूमिका और 2006 में आई फिल्म ‘‘ओमकारा’’ में लंगड़ा त्यागी के रूप में अपने बहुचर्चित अभिनय के बीच तुलना पर भी बात की।
उन्होंने कहा, ओमकारा को हिंदी भाषी क्षेत्र में काफी सराहना मिली। मुझे लगता है कि (कर्तव्य फिल्म में) आवाज इससे थोड़ी मिलती-जुलती हो सकती है; लहजा भी मिलता-जुलता हो सकता है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले गौरी खान द्वारा निर्मित फिल्म ‘‘कर्तव्य’’ 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसमें संजय मिश्रा और जाकिर हुसैन सहित अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।