फोन 23 अक्टूबर से भारत में 2.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा
क्युपर्टिनो/नई दिल्ली। एपल ने बुधवार को आईफोन की नई सीरीज पेश की। एक सितंबर को टिम कुक की जगह सीईओ का पद संभालने वाले कंपनी के नए सीईओ जॉन टर्नस ने कार्यक्रम की शुरुआत की। टर्नस ने कहा कि आईफोन 18 प्रो और 18 प्रो मैक्स में बैटरी, कैमरा और फोन के प्रदर्शन में सुधार किए गए हैं। नए आईफोन में एपल ने सिरी की नई कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमताओं पर भी जोर दिया है और गोपनीयता तथा सुरक्षा को प्रमुखता दी है।
कंपनी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, एपल ने बुधवार को अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन 'आईफोन डुओ' पेश किया। यह कंपनी का अब तक का सबसे महंगा मोबाइल फोन है, जो 23 अक्टूबर से भारत में 2.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा।
सैमसंग, मोटोरोला और गूगल जैसे प्रतिस्पर्धी पहले ही फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश कर चुके हैं। विश्लेषक दिपांजन चटर्जी के अनुसार, एपल आमतौर पर नई तकनीक में जल्दबाजी नहीं करता और बाजार की संभावनाएं स्पष्ट होने के बाद उसमें प्रवेश करता है।
वैश्विक मेमोरी चिप की कमी के कारण नए आईफोन की कीमत पिछली सीरीज से अधिक होने की संभावना है। पिछले साल पेश आईफोन 17 में नया बेहद पतला ‘एयर’ मॉडल भी शामिल था, जिसकी बिक्री अच्छी रही है। एक बयान के अनुसार, आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स भारत में 18 सितंबर से 1,64,900 और 1,79,900 की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा।