अब तक 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज किया हासिल
नई दिल्लीः कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। मुक्केबाजी में रिकॉर्ड 7 स्वर्ण, जूडो में ऐतिहासिक सफलता और एथलेटिक्स-पैरा एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन ने भारत को टॉप-4 तक पहुंचा दिया है।
ग्लास्गो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत ने इतिहास रचते हुए पदक तालिका में चौथे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। 10वें दिन मुक्केबाजी, जूडो, एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने 16 मेडल जीते। अब तक भारत के खाते में अब 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक हो गए हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा के बाद चौथा स्थान हासिल किया है।
खास बात यह है कि इस बार भारत ने कुश्ती, बैडमिंटन और हॉकी जैसे अपने मजबूत खेलों के बिना भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मुक्केबाजी में रिकॉर्ड 7 स्वर्ण, जूडो में पहली बार 2 स्वर्ण और एथलेटिक्स में कई ऐतिहासिक उपलब्धियों ने भारत के अभियान को यादगार बना दिया।
भारत की सबसे बड़ी सफलता मुक्केबाजी में रही। महिला वर्ग में प्रीति पवार (54 किग्रा), जैस्मिन लंबोरिया (57 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और प्रिया घंघास (60 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) और अंकुश (70 किग्रा) ने भी गोल्ड अपने नाम किया। लवलीना बोरगोहेन, जादूमणि सिंह और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक जीतकर भारत का कुल मुक्केबाजी प्रदर्शन 10 पदकों तक पहुंचाया, जिस कारण भारत टेबल प्वाइंट में चौथे नंबर पर पहुंच गया है।