हरमनप्रीत ने 11वें और 43वें मिनट में गोल किए, संजय ने आठवें मिनट में गोल दागा
एम्सटेलवीन। पांच दशक बाद विश्व कप में पदक जीतने के इरादे से उतरी भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से पूल डी के पहले मैच में शनिवार को वेल्स को 3-1 से हराकर अपने अभियान की अच्छी शुरूआत की।
करीब दस हजार की दर्शक क्षमता वाले वेगनेर स्टेडियम पर अच्छी तादाद में जमा प्रशंसकों के सामने भारतीय टीम ने निराश नहीं किया। भारत के लिए ‘प्लेयर आफ द मैच ’ हरमनप्रीत ने 11वें और 43वें मिनट में गोल किए जबकि संजय ने आठवें मिनट में गोल दागा। अपना दूसरा विश्व कप खेल रही वेल्स टीम के लिये एकमात्र गोल सैम वेल्श ने 56वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दागा।
आखिरी मिनटों में वेल्स ने अंतर कम करने की भरसक कोशिश की और 54वें मिनट में उसे मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन फर्लोंग के दमदार शॉट को भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने रोक लिया।
इसके बाद हालांकि नाटकीय घटनाक्रम में वेल्श ने रिबाउंड पर गेंद भीतर डाली लेकिन इस गोल पर भारतीय टीम ने रेफरल लिया। टीवी अंपायर ने गोल बरकरार रखा क्योंकि सीटी बजने से पहले गेंद भीतर चली गई थी।
टूर्नामेंट के नये प्रारूप को देखते हुए भारत की कोशिश अधिक अंतर से जीतने और क्लीन शीट रखने की थी लेकिन आखिरी मिनटों में एक गोल गंवाने के बाद कोच क्रेग फुल्टोन को इंग्लैंड के खिलाफ अगले कठिन मैच से पहले इस पर काम करना होगा।