2024 में 1.48 प्रतिशत बढ़कर 4.87 लाख हुए हादसे
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार देश की सड़कों पर हर घंटे औसतन 56 हादसे हो रहे हैं। वर्ष 2024 के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट के अनुसार, इन हादसों में हर घंटे 20 लोगों की जान जा रही है। केंद्रीय मंत्रालय की ओर से जारी ‘रोड एक्सीडेंट्स इन इंडिया 2024’ रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2024 में भारत में सड़क हादसों की संख्या 1.48 प्रतिशत बढ़कर 4.87 लाख से अधिक हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, ‘देश में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों ने 2024 में कुल 4,87,707 सड़क हादसों की जानकारी दी। इनमें 1,77,175 लोगों की मौत हुई और 4,71,441 लोग घायल हुए।’ रिपोर्ट में बताया कि सबसे अधिक मौतें उत्तर प्रदेश में हुईं। वर्ष 2024 में यूपी में हुए हादसों में 24,118 लोगों की जान गई। वहीं, सबसे अधिक 67,526 दुर्घटनाएं तमिलनाडु में दर्ज की गईं।