पटना समेत कई जगह छाए बादल, तेज हवाएं चलने की संभावना
बिहार में हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और अब एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगी। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 10 दिनों तक राज्य में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।
मंगलवार को बक्सर में तेज बारिश हुई। वहीं सासाराम में भी तेज बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। पटना, कटिहार समेत कई शहरों में बादल छाए हैं। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा राज्य के 26 जिलों के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ बिहार समेत पूर्वी भारत में नमी पहुंचा रही है। इसी वजह से मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है और अगले कई दिनों तक बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से बिहार में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।