पुलिस आरोपी की तलाश में कर रही छापेमारी
पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने एक फल विक्रेता को गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में बाजार समिति के पास हुई।
पटना सिटी के पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बताया, पुलिस को सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी फल विक्रेता राजकुमार प्रजापति को गोली मार दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि राजकुमार के सिर के पास गोली लगी है।
उन्होंने बताया कि घायल को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि गोली घटनास्थल के आसपास से चलाई गई थी लेकिन हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शैलजा ने बताया, पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और जांच के लिए फॉरेंसिक की एक टीम को बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।