पटना में आज भी छाए रहेंगे बादल, अगले 48 घंटे में भारी बारिश का रेड अलर्ट
बिहार में मानसून का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पटना समेत 14 जिलों में आज भी बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश का 7 दिन का रेड अलर्ट जारी किया है और अगले 48 घंटे में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 से 10 दिनों के दौरान मानसून और ज्यादा मजबूत होगा। स्थिति यह थी कि 6 जुलाई तक राज्य में सामान्य 230.1 मिमी के मुकाबले केवल 103 मिमी बारिश हुई थी, जो सामान्य से 52 से 55 प्रतिशत कम थी।
मंगलवार को पटना, बेतिया, कटिहार, मधुबनी, सासाराम और औरंगाबाद समेत 15 जिलों में बारिश हुई। पटना में सोमवार की रात से ही बादल छाए हैं। कुछ इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। वहीं, मुंगेर में नदी का जलस्तर बढ़ने से कटाव शुरू हो गया है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
दरभंगा के जाले में तेज आंधी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक विशाल पीपल के पेड़ की डाल टूटकर एक मकान पर गिर गई। हादसे के समय घर में मौजूद एक ही परिवार के 7 लोग बाल-बाल बच गए।