8.27 लाख से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवार होंगे लाभान्वित
पटनाः बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित हुई लोगों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा एलान किया है, जिसके तहत बाढ़ प्रभावित लोगों के खातों में 7-7 हजार रूपये सहायता राशि के रूप में दिए जा रहे है। बाढ़ से प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 पीड़ित परिवारों को ये सहायता राशि आज मंगलवार को डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों से अंचलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर लाभुक परिवारों की विवरणी जुटाई है। मौजूदा आंकड़े के अनुसार, इन परिवारों को कुल 579.23 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
15 जिलों के 49.46 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
इस वर्ष गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत विभिन्न नदियों में आई बाढ़ से राज्य के 15 जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतें प्रभावित हुई हैं। करीब 49.46 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में आई है। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।
1260 सामुदायिक रसोई में मिल रहा भोजन
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य भी जारी है। राज्य के विभिन्न जिलों में अब 1260 सामुदायिक रसोई संचालित हो रही हैं। इनके माध्यम से अब तक करीब 1 करोड़ 19 लाख 33 हजार लोगों को सुबह-शाम भोजन कराया जा चुका है। वहीं, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब 13 राहत शिविर संचालित हैं। इनमें 11,060 लोगों के लिए आवासन, भोजन और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल में सामुदायिक रसोई की संख्या 1257 से बढ़ाकर 1260 की गई है, जबकि राहत शिविरों की संख्या 15 से घटकर 13 हुई है। पशुओं की सुरक्षा के लिए अब तक 13,121 क्विंटल पशुचारा वितरित किया जा चुका है।