पंजाब के अबोहर में एक शोरूम मालिक की हत्या में था फरार
चंडीगढ़: हरियाणा की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने पंजाब पुलिस द्वारा घोषित 5 लाख का इनामी मोस्ट वांटेड अपराधी को पकड़ा है। इस अपराधी पर अबोहर में एक शोरूम मालिक की हत्या का आरोप हैं। इस मामले में वांछित इस अपराधी को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
हरियाणा पुलिस की हिसार एसटीएफ ने मर्डर केस में वांछित शक्ति कुमार को अवैध पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस के साथ काबू किया। हरियाणा एसटीएफ को यह कामयाबी ऐसे वक्त पर मिली है जब राज्य में सरकार के निर्देश पर डीजीपी अजय सिंघल अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हिसार एसटीएफ की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिसार के राजगढ़ रोड स्थित बाईपास फ्लाईओवर के पास से काबू किया। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के राजीव नगर का निवासी है। एसटीएफ टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
बरामदगी के संबंध में थाना आजाद नगर, हिसार में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब के अबोहर में न्यू वेयरवेल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की हत्या के मामले में भी वांछित था। आरोप है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम के बाहर संजय वर्मा की हत्या की थी।