इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली से किया गिरफ्तार
लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की हत्या के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) से पंजाब लाया गया है। उसे पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC सेल ने गिरफ्तार किया है। बठिंडा पुलिस की एक टीम आरोपी को UAE अधिकारियों से हिरासत में लेने के बाद भारत ले आई।
मेहरों को इस साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने वीजा से जुड़े एक मामले में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया था। डिपोर्टेशन प्रोसैस पूरा होने में कुछ समय लगा। कमल का शव 11 जून 2025 को बठिंडा के आदेश हॉस्पिटल की पार्किंग में मिला था और पोस्टमॉर्टम में कन्फर्म हुआ था कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस मर्डर में मेहरों के 3 साथी जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रंजीत सिंह भी शामिल थे, जिन्हें पहले ही अरेस्ट किया जा चुका है।
मर्डर के बाद मेहरों दुबई भाग गया था और काफी समय से वहीं रह रहा था। 7 फरवरी को बठिंडा कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था और कोर्ट के फैसले के बाद पंजाब पुलिस ने इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।