मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया की यात्रा पर रवाना हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व्यापार, प्रौद्योगिकी एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को प्रगाढ़ करने तथा लोगों के बीच पारस्परिक संबंध को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया की यात्रा पर रवाना हुईं। मुर्मू की यात्रा का पहला चरण सोमवार से मोल्दोवा से शुरू होगा। यह किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली यात्रा होगी।
राष्ट्रपति भवन ने उनके प्रस्थान के तुरंत बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोल्दोवा गणराज्य, उत्तरी मकदूनिया गणराज्य और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं। पोस्ट के अनुसार, यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा और उत्तरी मकदूनिया की पहली यात्रा है। वहीं, रोमानिया की यात्रा तीन दशक से अधिक के अंतराल के बाद हो रही है।
मुर्मू मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा, वह मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति का मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों के साथ संवाद, भारत-मोल्दोवा व्यापार मंच को संबोधित करने और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात का भी कार्यक्रम है।