ट्रैफिक नियम तोड़ने पर पुलिस ने 7,500 चालान किए
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूरे शहर में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने के आरोप में 65 एफआईआर दर्ज की हैं और 7,500 से अधिक चालान जारी किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह विशेष अभियान राष्ट्रीय राजधानी की प्रमुख सड़कों, राजमार्गों, वाणिज्यिक केंद्रों, मनोरंजन स्थलों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गलत दिशा में वाहन चलाने, अनधिकृत काली फिल्म लगे वाहनों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ संचालित किया गया।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, गलत दिशा में वाहन चलाने के बेहद खतरनाक मामलों में 65 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि इस उल्लंघन को लेकर 7,549 चालान जारी किए गए। इसके अलावा, वाहनों पर अनधिकृत रूप से काली फिल्म का उपयोग करने के आरोप में 785 चालान काटे गए और शराब के नशे में वाहन चलाने के लिए 471 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, यह प्रवर्तन कार्रवाई शहर भर में कई स्थानों पर की गई और कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।