हरेश तिलवानी के रूप में हुई आरोपी की पहचान
अहमदाबाद, (भाषा) बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचे 40 वर्षीय एक यात्री को बुधवार को हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत 4.27 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यात्री महाराष्ट्र का रहने वाला है और उसने मादक पदार्थ अपने चेक-इन ट्रॉली बैग में खाद्य पैकेटों के भीतर छिपाकर रखा था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘अहमदाबाद सीमा शुल्क के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों ने यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर बैंकॉक से उड़ान संख्या टीजी-343 से आए एक पुरुष यात्री को रोका।’’
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि ट्रॉली बैग की विस्तृत जांच के दौरान सफेद रंग की 22 पारदर्शी पॉलिथीन में लिपटी पैकेट बरामद की गईं, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रतिबंधित पदार्थ एनडीपीएस अधिनियम-1985 के तहत जब्त किया गया है। यात्री की पहचान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर निवासी हरेश तिलवानी (40) के रूप में हुई है।