चौकीदार के पद पर तैनात रमन के रूप में हुई मृतक की पहचान
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के थानेसर नगर परिषद में कार्यरत एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नगर परिषद में स्वीपर व चौकीदार के पद पर तैनात रमन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर समेत कई अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है।
मृतक रमन अपने पीछे 2 मासूम बेटियां छोड़ गया है, जिनकी उम्र महज 5 और 3 साल है। रमन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मृतक के मामा शिव कुमार ने बताया कि रमन पिछले करीब 4-5 वर्षों से अपने परिवार से अलग रह रहा था। वह सोनिया नाम की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में था।
परिजनों का आरोप है कि सोनिया और उसके साथ जुड़े कुछ अन्य लोग रमन के मकान को बेचना चाहते थे। इसी संपत्ति विवाद के चलते रमन ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन परिजनों ने इसे सिरे से नकार दिया है। शिव कुमार का दावा है कि सुसाइड नोट में जो लिखावट है, वह रमन की नहीं है।
परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस नोट की फॉरेंसिक जांच कराई जाए और रमन की वास्तविक लिखावट से इसका मिलान किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। परिजनों ने सोनिया और उसके करीबियों की कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है।