गुरूग्राम के सेक्टर-9ए क्षेत्र की सूर्य विहार कॉलोनी में हुई घटना
गुरुग्राम। गुरुग्राम स्थित सूर्य विहार इलाके में एक महिला ने अपनी ढाई वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार, महिला का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है जबकि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस महिला के पति से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार रात सेक्टर-9ए क्षेत्र की सूर्य विहार कॉलोनी में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सेक्टर-9ए थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान नेहा के रूप में हुई है और वह अपने पति और ढाई वर्षीय बेटी अनिका के साथ रहती है।
अधिकारी ने कहा कि महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। उसके पति से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसने घटना के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया। महिला द्वारा ऐसा कदम उठाए जाने के कारणों का खुलासा उससे पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।