बिमला व सुनील रानी के रूप में हुई मृतकों की पहचान
हरियाणाः सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में बुधवार तड़के पुराने मकान की छत गिरने से जेठानी-देवरानी 2 महिलाओं की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर हो चुके पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर में मौजूद जेठानी-देवरानी कमरे में चारपाई पर सो रही थी। भारी शहतीर, मिट्टी और ईंटें सीधे उनके ऊपर गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब परिवार के सदस्य उन्हें चाय देने पहुंचे, तो कमरे का मंजर देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव महमूदपुर के मान पान्ने में रहने वाली बिमला (55) और सुनील रानी (52) सोमवार रात खाना खाने के बाद पुराने मकान में सोने चली गई थी। देर रात लगातार बारिश के कारण मकान की जर्जर छत भर-भराकर उनके ऊपर गिर गई।