आरोपियों की फायरिंग में गुरुग्राम के 3 पुलिसकर्मी हुए घायल
हरियाणाः गुरुग्राम पुलिस की वीरवार रात करीब 11:30 बजे दीपक नांदल गैंग के साथ मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई, जिससे गैंग के 5 सदस्यों को गोली लगी। इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। इस मुठभेड़ में एक ASI समेत 3 पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस सभी बदमाशों का क्रिमिनल रिकॉर्ड चेक कर रही है और पूरे इलाके को सील कर दिया है। ACP सदर सिंह के मुताबिक, बदमाशों ने सुशांत लोक ब्लॉक-A में प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी को उनके घर के अंदर बंधक बना लिया था। विशाल के पिता गुरुग्राम में SGT यूनिवर्सिटी के फाउंडर हैं। बदमाशों ने विशाल से कई करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
फिरौती की रकम न मिलने पर बदमाशों ने घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घरवालों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। जैसे ही पुलिस विशाल के घर पहुंची, फायरिंग शुरू हो गई। सभी बदमाश दीपक के गुर्गे थे जो विदेश से नांदल गैंग चलाता है। ACP (हेड) धर्मवीर सिंह के मुताबिक, एनकाउंटर सुशांत लोक फेज-2 में हुआ।
क्राइम ब्रांच की टीमों को पुलिस कंट्रोल रूम से एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में हथियारबंद बदमाशों के होने की जानकारी मिली थी। जैसे ही क्राइम ब्रांच की टीम सुशांत लोक इलाके में पहुंची, बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी के घर पर मॉडर्न हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाशों से सरेंडर करने को कहा लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें 3 बदमाश ढ़ेर हो गए और एक घायल हो गया।