घर की बालकनी से लोहे की चारपाई हटाते समय गलती से ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के एक तार के संपर्क में आ गए मृतक
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में शुक्रवार को ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शाहाबाद थाने के प्रभारी जगदीश तमाक ने बताया कि यह हादसा धंतोरी गांव में भारी बारिश के दौरान हुआ। पुलिस के अनुसार, बिंदर राम (50) अपने घर की बालकनी से लोहे की चारपाई हटाते समय गलती से ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के एक तार के संपर्क में आ गए।
एसएचओ ने बताया कि परिवार ने उस तार को प्लास्टिक की पाइप से ढक रखा था, लेकिन आशंका है कि बारिश का पानी रिसने के कारण बिजली का करंट आसपास के हिस्से में फैल गया।
पुलिस ने बताया कि अपने भाई को गिरते देख 59 वर्षीय नाथी राम उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। उसने बताया कि इसके बाद नाथी राम के बेटे लाडी (35) ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे भी करंट लग गया जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। एक निजी अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।
मदद के लिए चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह तीनों को बिजली के तार से अलग कर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान बिंदर राम और नाथी राम ने दम तोड़ दिया, जबकि लाडी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
एसएचओ ने कहा कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज की लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि विशेष रूप से मानसून के मौसम में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ट्रांसफॉर्मरों और ओवरहेड बिजली के तारों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।