प्रवीण कुमार, रोहित चौहान व तुषार वर्मा के रूप में हुई आरोपियों की पहचान
शिमलाः शिमला जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर बारूबाग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 9 मई को पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम उपमंडल रामपुर के अंतर्गत NH-05 पर गश्त एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सवार व्यक्तियों के कब्जे से 9 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार (33) पुत्र स्वर्गीय सुमन कुमार निवासी गांव धलियार, डाकघर कलर, तहसील सदर जिला बिलासपुर, रोहित चौहान (31) पुत्र सोहन सिंह निवासी गांव बठारा, डाकघर शाहधर, तहसील रामपुर जिला शिमला तथा तुषार वर्मा (25) पुत्र स्वर्गीय देश राज निवासी गांव नवारू, डाकघर बौंदा, तहसील रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस थाना कुमारसैन में आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 32/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नशा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करेगी।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।