बस अड्डा के नजदीक आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विश्वकर्मा चौक पर देर रात करीब अढ़ाई बजे एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ये केस हत्या का बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे हैं। यहां शहर के मुख्य और सबसे व्यस्त चौक पर हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और ग्रामीणों ने यहां बस अड्डा के नजदीक कुछ समय के लिए चक्का जाम भी किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर यातायात बहाल करवाया है।
मीडिया से बात करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है, जिसके तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है।
पुलिस ने शिमला से विशेष टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। मामले में हर पहलू से जांच की जा रही हैं। ग्रामीणों में आक्रोश है कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था जिसे अब बहाल करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं मौके पर है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जल्द से जल्द आरोपियों को दबोचा जाएगा।