बीजू चौधरी, सुरेश सोय, होनहागा, हिंदू अंगरिया व बुधु बोदरा के रूप में हुई आरोपियों की पहचान
चाईबासाः झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में पूर्व उप मुखिया की हत्या में कथित तौर पर शामिल 5 लोगों को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित संजय बोयपाई (40) की रविवार रात चक्रधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुइगांव गांव में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजय गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया थे। पुलिस के अनुसार, बोयपाई अपने घर के आंगन में सो रहे थे जब मोटरसाइकिल पर सवार 3 हमलावर आए और उन पर करीब से गोलियां चलाईं।
चाईबासा एसडीपीओ बहमन तुती ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित रेनू ने इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक-सह-उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (चक्रधरपुर) की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
तुती ने बताया कि एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीजू चौधरी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने के लिए भाड़े के 4 हत्यारे लिए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौधरी का बोयपाई के साथ जमीन के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय तक विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी थी, जिसके बाद बोयपाई की हत्या करने के लिए चौधरी को काम पर रखा गया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को कथित तौर पर यह बात बताई।
आरोपियों में बीजू चौधरी के अलावा सुरेश सोय (20), कप्तान होनहागा उर्फ टाटा (31), गुने हिंदू अंगरिया उर्फ मोटा (22) और बुधु बोदरा (27) शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 1 देसी पिस्तौल, 4 कारतूस, 2 मोटरसाइकिल और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।