पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपे शव
बोकारो, (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पहला मामला, बेरानी मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 3 लोगों की मौत हो गई। पिंड्राजोरा के थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया, ‘‘यह हादसा टाटा-धनबाद राजमार्ग पर बेरानी मोड़ के पास हुआ। घटना में शामिल लोग पश्चिम बंगाल में एक विवाह समारोह से घर लौट रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भंडारो गांव के आर्यन महतो, संतालडीह के अमर महतो और चास प्रखंड के भवानीपुर इलाके के सुमित महतो के तौर पर हुई है। इन सभी की उम्र 18 से 19 साल के बीच थी।’’ पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए।
दूसरा मामला, नावाडीह थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल सीमेंट से लदे ट्रक से टकरा गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। नवाडीह के थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी ने कहा, ‘‘यह हादसा छपरी के पास हुआ।
मृतकों की पहचान नावाडीह गांव के रहने वाले सुनील महतो और उसी थाना क्षेत्र के कटघरा गांव के पवन महतो के तौर पर हुई है।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।