एससी/एसटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज
चतरा, (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में एक स्कूल के प्रधानाचार्य को 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार द्वारा हण्टरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद बृहस्पतिवार को 50 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हण्टरगंज थाने के प्रभारी अधिकारी प्रभात कुमार ने कहा, ‘‘प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रधानाचार्य को जेल भेज दिया गया है। प्रधानाचार्य पर पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम, एससी/एसटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की एक महिला सदस्य और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में लड़की का बयान दर्ज किया गया। कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की की तबियत खराब होने पर घर वालों ने उसकी चिकित्सकीय जांच करवाई तो उसके गर्भवती होने का पता चला।
चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है।