मामले की जांच जारी है, आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगाः थाना प्रभारी
पंजाब, (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में 17 साल की लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की 16 सितंबर को परीक्षा देने के लिए सरकारी बालिका विद्यालय गई थी लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस ने बताया कि लड़की 24 सितंबर को घर लौटी और सदमे में थी। पुलिस के अनुसार, बाद में उसने अपनी मां को बताया कि आरोपी उसे 16 सितंबर को स्कूल के पास से अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया था और उससे दुष्कर्म किया था।
पुलिस ने बताया कि लड़की ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसे धमकाया और डराया था। टांडा थाना प्रभारी अमरजीत कौर ने बताया कि इस संबंध में बीएनएस संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।