कैदी ने वीडियो वायरल कर की थी शिकायत
होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले की सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को जेल के अंदर ड्रग तस्करी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस ने कल देर रात सिटी होशियारपुर थाने में उसके खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की और केस दर्ज किया गया है।
जेल में बंद गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना (निवासी तलवंडी साबो) ने कुछ दिन पहले जेल के अंदर आत्महत्या कर ली थी। इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। मन्ना ने वीडियो में आरोप लगाया था कि डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह उसे जेल के अंदर ड्रग्स दे रहे थे। वह उसे बेचने और दूसरे गलत काम करने के लिए मजबूर कर रहे थे।
कैदी ने आरोप लगाया था कि जब उसने जेल के अंदर ड्रग्स बेचने से मना किया तो डिप्टी सुपरिटेंडेंट और जेल स्टाफ ने उसे बुरी तरह परेशान किया। वीडियो वायरल होने के बाद जेल विभाग के सीनियर अधिकारियों ने मामले पर कड़ा संज्ञान लिया। तुरंत कार्रवाई करते हुए सबसे पहले जेल सुपरिटेंडेंट का ट्रांसफर किया गया और मामले की पूरी जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस की हाई-लेवल जांच में कैदी द्वारा लगाए गए ड्रग तस्करी के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने देर रात डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को ऑफिशियली गिरफ्तार कर लिया। यह पहली बार नहीं है जब होशियारपुर जेल खबरों में आई है। इससे पहले भी कैदियों की मिलीभगत से जेल के अंदर कई जेल अधिकारियों और कर्मचारियों की हत्या हो चुकी है। मोबाइल फोन और ड्रग्स सप्लाई के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस अब जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से जेल कर्मचारी शामिल हैं।