आरोपी जसबीर सिंह ‘रोड रेज’ की घटना के बाद वरिंदर से झगड़ा कर रहा था
रूपनगर। पंजाब के मोरिंडा के पास 'रोड रेज' की घटना के दौरान तीन साल पहले खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाले एक व्यक्ति पर गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए उन अफवाहों को खारिज कर दिया जिनमें इस घटना को जेल में बंद सांसद से जोड़ा जा रहा था।
यह घटना मंगलवार को हुई और आरोपी जसबीर सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में पीड़ित व्यक्ति बाल-बाल बच गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों को भी खारिज कर दिया जिनमें दावा किया जा रहा था कि अमृतपाल के समर्थकों ने पीड़ित वरिंदर सिंह पर हमला किया और उनका अपहरण करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, अजनाला में अपहरण का आरोप लगाते हुए अमृतपाल के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाले रूपनगर जिले के सलेमपुर गांव निवासी वरिंदर ने मंगलवार को पुलिस को फोन कर शिकायत की थी कि मोरिंडा के पास एक व्यक्ति उन पर गोलियां चला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि समरोली गांव का रहने वाला आरोपी जसबीर सिंह ‘रोड रेज’ की घटना के बाद वरिंदर से झगड़ा कर रहा था। आरोपी जसबीर शराब के नशे में था।
पुलिस के पकड़ने से पहले आरोपी ने हवा में गोलियां चलाईं, वरिंदर के वाहन का पीछा किया और उनके साथियों को धमकी दी। रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह ने कहा कि यह गोलीबारी रोड रेज के कारण हुई थी और इसका अमृतपाल सिंह मामले से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि आरोपी उस समय अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अमृतपाल सिंह 2023 के अजनाला पुलिस थाना हमला मामले में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत उनकी हिरासत 22 अप्रैल को समाप्त हो गई थी।