पति-भाई ने मिलकर युवक के हाथ-पैर व मुंह बांधा
फरीदकोट में एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने बॉयफ्रेंड को घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार, महिला ने उसे मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन महिला के पति-भाई और उसने मिलकर युवक के हाथ-पैर और मुंह बांधा। इसके बाद कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट दी।
मृतक की पहचान धारा सिंह कॉलोनी निवासी अर्शदीप सिंह (26) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से गांव हसनभट्टी का रहने वाला था। पिता हरनेक सिंह ने बताया कि वह पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं और उनकी ड्यूटी चंडीगढ़ में है। उनका बड़ा बेटा अर्शदीप सिंह जो शादीशुदा था, पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान था। पिता ने कहा कि पूछने पर अर्शदीप ने बताया था कि गांव मचाकी कलां में विवाहित गांव पिपली की हरप्रीत कौर उस पर अपने साथ संबंध रखने का दबाव बना रही है।
इस पर उन्होंने बेटे से कहा था कि वे पंचायत लेकर महिला के मायके गांव जाएंगे। हरनेक सिंह ने बताया कि रविवार को उनका बेटा घर पर नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद उन्हें शक होने पर वह गांव पिपली पहुंचे, जहां हरप्रीत कौर के घर से अर्शदीप सिंह का शव बरामद हुआ।