कहा- हमारे बुजुर्ग हमारी अमूल्य पूंजी और मार्गदर्शक शक्ति हैं
चंडीगढ़। पंजाब सरकार वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोहाली (एसएएस नगर) में एक आधुनिक सरकारी वृद्ध आश्रम स्थापित करेगी। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (गमाडा) ने इस परियोजना के लिए सेक्टर 78 में 2.92 एकड़ भूमि आवंटित की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के स्वामित्व और प्रबंधन वाले इस आश्रम का उद्देश्य बेसहारा और अपनों द्वारा परित्यक्त बुजुर्गों को एक सुरक्षित और गरिमामय आवासीय वातावरण प्रदान करना है।
बलजीत कौर ने कहा कि यह कदम वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के प्रति मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "हमारे बुजुर्ग हमारी अमूल्य पूंजी और मार्गदर्शक शक्ति हैं। जीवन के इस पड़ाव पर उनकी देखभाल करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।"
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि पंजाब में किसी भी बुजुर्ग को बुढ़ापे में अकेलेपन या लाचारी का सामना न करना पड़े और यह नया आश्रम जरूरतमंदों के लिए एक बड़ा सहारा बनेगा।