आरोपियों के कब्जे से 7 अवैध पिस्टल भी किए बरामद
चंडीगढ़, (भाषा) अमृतसर में 5 लोगों की गिरफ्तारी के साथ सीमा पार से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले 2 गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 7 अवैध पिस्तौल और 2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में रह रहे तस्करों के संपर्क में थे और अमृतसर तथा तरनतारन में आपूर्ति के लिए अवैध हथियार हासिल कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विदेश में रह रहे तस्करों से कथित संबंधों की पुष्टि करने और व्यापक आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। बरामदगी और गिरफ्तारियों के संबंध में अमृतसर के इस्लामाबाद पुलिस थाने और सुल्तानविंड पुलिस थाने में अलग-अलग केस दर्ज किए गए है।