मौके पर पुलिस बल मौजूद है
होशियारपुर। गांव बाड़ियां कलां में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के मामले के बाद उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मौके पर पहुंचे बीजेपी नेताओं और बीएसपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया।
भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता विजय सांपला, पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा के जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू मौके पर पहुंचे थे।
इसी दौरान वहां बीएसपी की तरफ से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ बीएसपी नेताओं की तरफ से विजय सांपला के खिलाफ टिप्पणियां किए जाने के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते भाजपा और बीएसपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान बीएसपी के कार्यकर्ता और नेता ने विजय सांपला को माइक मारा। माइक लगने से उन्हें चोट लगी। वहीं, मौके पर मौजूद बीएसपी कार्यकर्ताओं के बीच भी आपस में झड़प होने की बात सामने आ रही है।
घटना के बाद गांव बाड़ियां कलां में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।