6 पिस्तौल और 10 मैगजीन भी किए बरामद
पंजाबः अमृतसर के घरिंडा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। हथियारों की तस्करी के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद की हैं।
आरोपियों की पहचान पिंड भकना निवासी कैप्टनप्रीत सिंह उर्फ संधू पुत्र हरपाल सिंह और अरशदीप सिंह पुत्र बंगीचा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घरिंडा में रविवार को आर्म्स एक्ट की धारा 25(8), 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है।
ASI जगतार सिंह CIA स्टाफ की पुलिस टीम के साथ संदिग्ध लोगों की तलाश में गश्त कर रहे थे। टीम राज पैलेस के पास जीटी रोड, अटारी में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कैप्टनप्रीत सिंह और अरशदीप सिंह पाकिस्तान से हथियार और गोला-बारूद लाकर इलाके में सप्लाई करते हैं।
मुखबिर ने बताया कि दोनों आरोपी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पिंड रामपुरा से अमृतसर की ओर जा रहे थे और रास्ते में किसी व्यक्ति को हथियारों की खेप देने वाले थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से 6 पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद हुईं। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 30 बोर की 6 पिस्तौल, 10 मैगजीन और मोटरसाइकिल भी बरामद की।