जालंधर में यूथ कांग्रेस ने लगाया धरना, प्रदेश प्रधान ने जिला प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
जालंधरः पंजाब में लीक हुए विभिन्न पेपरों के मामले में यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान शुभम शर्मा की अगवाई में आज जालंधर में यूथ कांग्रेस ने डीसी दफ्तर के सामने धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल से लेकर डीसी दफ्तर तक मार्च करते हुए यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रधान शुभी ने जिला प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा।
वहीं आज फिर दिल्ली में यूजीसी-नेट का पेपर लीक होने पर अफसोस जाहिर किया और कहा कि इतना कुछ होने के बावजूद केंद्र सरकार पेपर लीक को रोक नहीं पा रही है। सरकार एंटी पेपर लीक एक्ट लाने के बाद भी फेल साबित हुई है।
उन्होंने धरने को संबोधित करते और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पंजाब में कुल 6 पेपर लीक हो चुके हैं, जिसमें 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। यह विद्यार्थी कांग्रेसियों के बच्चे नहीं हैं, बल्कि पंजाब के बच्चे हैं। हम भी कांग्रेस के नेता नहीं बल्कि नौजवान के नाते पूरे पंजाब में जिला स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि हमारे अंदर बाबा साहिब का भी खून दौड़ रहा है। महात्मा गांधी भी हमारे थे और शहीद भगत सिंह भी हमारे अंदर ही हैं। हमने असूलों से समझौता करना नहीं सीखा है।
शुभम शर्मा पेपर लीक के मामले में ही पंजाब भर में मीटिंगों का सिलसिला चला रहे हैं। आज कपूरथला में जिला कार्यकारिणी की मीटिंग भी करने जा रहे हैं। इस धरने में यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव दीपक खोसला, जिला प्रधान शहरी अंगद दत्ता और यूथ कांग्रेस देहाती के प्रधान मनप्रीत चड्ढा समेत अन्य प्रदेश कार्याकारिणी सदस्य भी पहुंचे और उन्होंने धरने को संबोधित किया।