चेकिंग के दौरान पुलिस पर किया जानलेवा हमला
जंडियाला मोड़ पर आधी रात चेकिंग के दौरान एक यूट्यूबर ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। स्कॉर्पियो सवार यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर ने आईडी मांगने पर सब-इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह पर विदेशी पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिसके बाद एसआई की जान बाल-बाल बची। पुलिस टीम ने मनी शॉकर को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से विदेशी पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने फिल्लौर के गांव अट्टी निवासी मनी शॉकर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सदर में दोनों के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल और असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इस घटना बारे खुलासा नहीं किया है लेकिन पुलिस जल्द प्रेस कांफ्रेंस कर सकती है।
थाना सदर की उप-चौकी जंडियाला के इंचार्ज नरिंदर सिंह अपनी टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे थे तभी फगवाड़ा की तरफ से एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस ने टॉर्च की मदद से गाड़ी रुकवाई और ड्राइवर से लाइसेंस मांगा, तो उसने मना कर दिया। आधी रात को घूमने का कारण पूछते हुए बगल की सीट पर बैठे युवक मनी शॉकर से आईडी मांगी गई। उसने जेब से निकालने के बहाने अचानक पिस्टल निकाल ली।
खुद का बचाव करते हुए इंचार्ज ने मुस्तैदी दिखाई और हमलावर की दाईं बाजू पकड़कर एक तरफ झटका दे दिया। इसी दौरान मनी ने ट्रिगर दबा दिया और 2 राउंड फायर हो गए, जो सीधे सामने राहुल राज स्पेशल नान ढाबा की दीवार में जा लगे। पुलिस मुलाजिमों ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी से पिस्टल छीन ली और तुरंत की कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया गया।