आरोपियों के पास से 13 पिस्तौल और 22 कारतूस भी बरामद किए गए
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में ड्रग्स की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले तीन गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन किलोग्राम से अधिक हेरोइन भी बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने 13 पिस्तौल और 22 कारतूस भी बरामद किए हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल हैं।
इस संबंध में अमृतसर थाना डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। यादव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के संपर्कों का पता लगाने और विदेश में बैठे उनके आका समेत इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।