पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत किया मामला दर्ज
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के एक गांव में अपनी महिला मित्र से मिलने गए एक युवक की महिला के पति और उसके परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना बीबी नगर थाना क्षेत्र के चित्सौना अलीपुर गांव की और मृतक की पहचान अवधेश (35) के रूप में हुई है। स्याना के पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकरन ने बताया कि सोमवार को इस घटना की सूचना मिली थी।
पुलिस के अनुसार, 14 जून को अवधेश अपनी महिला मित्र से मिलने चित्सौना अलीपुर गांव गया था। दोनों को बातचीत करते महिला के पति ने देख लिया, जिसके बाद विवाद हो गया। आरोप है कि महिला के पति और उसके परिजनों ने अवधेश के साथ जमकर मारपीट की। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल अवधेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।
अवधेश के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि अवधेश के साथ मारपीट की गई और उसे जहरीला पदार्थ भी दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।