सावित्री देवी के रूप में हुई मृतका की पहचान
सीतापुर, (भाषा) उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शराब पीने से रोकने पर गुस्साए एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय मां की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विधवा सावित्री देवी (65) अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं।
पुलिस ने बताया कि त्रिभुवन शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था, जिस कारण अक्सर वह अपनी मां से झगड़ा करता था। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार अपनी बुजुर्ग मां की पिटाई कर चुका था और शनिवार सुबह जब त्रिभुवन शराब के नशे में घर पहुंचा तो सावित्री देवी ने उसे डांटा, जिससे नाराज होकर आरोपी बेटे ने घर में रखे एक डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट लगने के कारण सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई।