रिंकू मीणा व विनोद कुमार मीणा के रूप में हुई आरोपियों की पहचान
देहरादूनः देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राजस्थान के 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने यहां बताया कि नयागांव चौकी नाके पर कार से टक्कर मारने के बाद बदमाशों के सेलाकुई की तरफ भागने के दौरान यह मुठभेड़ हुई। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने कार छोड़ दी और गोलीबारी करते हुए पैदल भागने लगे। उसने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया और इसके अलावा एक अन्य बदमाश को भी काबू कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उनके साथ मौजूद 3 अन्य बदमाश फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। घायल बदमाश की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के मंडावर क्षेत्र के रिंकू मीणा (30) के रूप में हुई है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्त में आए एक अन्य बदमाश की पहचान राजस्थान के ही करौली जिले के निवासी विनोद कुमार मीणा (32) के रूप में हुई है।
दोनों बदमाशों के पास से 2 देसी तमंचे, खोखा व कारतूस बरामद हुए हैं। घटना मे प्रयुक्त राजस्थान के पंजीकरण नंबर वाली कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ राजस्थान में संगीन अपराधों के लिए मुकदमे दर्ज हैं।