'भारत के ब्रिटेन और ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) भी अप्रैल में लागू होने की उम्मीद'
India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बड़ा अपडेट आया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में हस्ताक्षर होने और अप्रैल में इसके लागू होने की संभावना है। अंतरिम समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के अधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक 23 फरवरी से अमेरिका में शुरू होगी। इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि अंतरिम व्यापार समझौते के लिए रूपरेखा तय कर ली गई है।
इस अंतरिम समझौते के तहत कई तरह के सामान पर दोनों देशों द्वारा ड्यूटी में छूट देने की संभावना है। अमेरिका ने भारतीय सामान पर टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने की बात कही है और 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी हटा दिया जाएगा। यह अतिरिक्त टैरिफ भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने पर लगाया गया था। इस तरह, भारत पर कुल टैरिफ 50 फीसदी से घटकर 18 फीसदी हो जाएगा।
फ्रेमवर्क में मार्केट एक्सेस पर भी ध्यान दिया गया है। भारत अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर के सामान का आयात करेगा, जिसमें तेल और गैस, कोकिंग कोल, एयरक्राफ्ट और एयरक्राफ्ट पार्ट्स, कीमती धातुएं और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इसके बदले में भारत अमेरिका से आने वाले कई औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर टैरिफ में छूट देगा।
पीयूष गोयल का कहना है कि इस फ्रेमवर्क से भारतीय किसानों, मछुआरों और एसएमई कंपनियों को अमेरिका के 30 ट्रिलियन डॉलर के बाजार तक पहुंच मिलेगी। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस एग्रीमेंट पर औपचारिक हस्ताक्षर होंगे, अमेरिका में भारतीय सामान पर टैरिफ कम हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि भारत के ब्रिटेन और ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) भी अप्रैल में लागू होने की उम्मीद है, जबकि न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर में लागू हो सकता है।
(For more news apart from India-US interim trade deal likely to come into effect in April: Piyush Goyal news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)